छात्रों के सपनों से बनेगा विकसित भारत : पंकज चौधरी
‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री ने विद्यार्थियों से किया संवाद, विभिन्न प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का बढ़ाया उत्साह

महराजगंज।(न्यूज पैच)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा के 25 वर्षों की अनवरत यात्रा के उपलक्ष्य में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत शुक्रवार को नगर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटरमीडिएट कॉलेज में ‘मेरे सपनों का भारत’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर विकसित भारत को लेकर उनकी सोच जानी और निबंध, पोस्टर, डिबेट, भाषण तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं के प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने पोस्टर, निबंध और भाषण के माध्यम से वर्ष 2047 के भारत की अपनी कल्पना प्रस्तुत की। बच्चों ने शिक्षा, रोजगार, तकनीक, महिला सुरक्षा, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता सहित विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे।प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
अपने संबोधन में पंकज चौधरी ने कहा कि विकसित भारत का सपना केवल सरकार का नहीं, बल्कि देश के प्रत्येक नागरिक और विशेष रूप से युवाओं का सपना होना चाहिए। आज के विद्यार्थी ही भविष्य में देश के वैज्ञानिक, चिकित्सक, इंजीनियर, शिक्षक, उद्यमी और नेतृत्वकर्ता बनेंगे। उनकी सोच, प्रतिभा और संकल्प ही विकसित भारत की नींव को मजबूत करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में आधारभूत ढांचे के विस्तार के साथ डिजिटल अर्थव्यवस्था, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, स्टार्टअप और स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत आज तकनीक के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे हैं।
महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण का उल्लेख करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और आत्मनिर्भरता विकसित भारत की महत्वपूर्ण शर्त है। केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा महिला हेल्पलाइन, वन स्टॉप सेंटर, मिशन शक्ति, महिला पुलिस बीट सहित विभिन्न माध्यमों से महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए कार्य किया जा रहा है। बेटियों की शिक्षा और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना भी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि गरीब और वंचित वर्ग तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए आवास, शौचालय, खाद्यान्न, स्वास्थ्य सुविधा, बैंकिंग और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से इन योजनाओं की जानकारी हासिल कर जागरूक नागरिक बनने का आह्वान किया।
पंकज चौधरी ने कहा कि 2047 का भारत कैसा होगा, इसकी तस्वीर आज के नौनिहालों के सपनों में दिखाई देती है। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और ईमानदारी के साथ आगे बढ़ने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत प्रशासक रविकांत पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, विद्यालय के संस्थापक विजय बहादुर, प्रधानाचार्य एसपी सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप शर्मा, बबलू यादव, संतोष सिंह, राजीव द्विवेदी, करुणेश पांडेय, अजय कुमार श्रीवास्तव, दिनेश जायसवाल, प्रदीप उपाध्याय, रमेश वर्मा, राजेंद्र पटेल, त्रिभुवन पटेल, मनोज पटेल, अजय मद्धेशिया, सुनील कुमार मद्धेशिया, पुंडरीक पटेल और आशीष मिश्रा मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और भाजपा कार्यकर्ताओ की भी उपस्थिति रही।




