ब्रेकिंग न्यूजमहराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

17 सितंबर से शुरू होगा सेवा संकल्प अभियान, 10 प्रमुख स्थलों पर होगा वृहद दीपोत्सव

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में 10 सितंबर की देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान के तहत होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा, विभागवार जिम्मेदारियों और तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर 2026 से सेवा संकल्प अभियान शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाना तथा सेवा, सहभागिता और जनकल्याण की भावना को मजबूत करना है।

10 प्रमुख स्थलों पर होगा दीपोत्सव

सीडीओ ने बताया कि 17 सितंबर को ‘आशीर्वाद का दीया’ अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके तहत प्रमुख मंदिरों, घाटों, महत्वपूर्ण अवसंरचना परियोजनाओं और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित परिवारों के घरों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

उन्होंने जनपद के 10 प्रमुख स्थलों पर वृहद दीपोत्सव आयोजित करने के लिए स्थल चयन और 15 सितंबर तक दीयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक दिन अलग-अलग थीम पर कार्यक्रम आयोजित करने के लिए विभागवार कार्ययोजना तैयार करने को कहा।

स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं

सीडीओ ने बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के विद्यालयों में भाषण, चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताएं आयोजित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा बुद्धिजीवियों द्वारा युवाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें विकास, नवाचार, सेवा और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने पर जोर दिया गया।

जिला कार्यक्रम अधिकारी को 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक प्रत्येक आंगनबाड़ी केंद्र पर तीन दिवसीय संवाद कार्यक्रम आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। इनमें हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं का सम्मान तथा बच्चों को कॉमिक बुक्स, पौष्टिक फल और मिठाई का वितरण कराया जाएगा।

लाभार्थियों की सफलता की कहानियां होंगी प्रचारित

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि सरकारी योजनाओं से जिन लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है, उनकी सफलता की कहानियों को अभियान के दौरान प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया जाए। इसके लिए लाभार्थियों की शॉर्ट फिल्म और रील तैयार कर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद महराजगंज को सक्सेना चौक पर ज्योति सेवा कलश की स्थापना कराने के निर्देश भी दिए।

सीडीओ ने सभी ग्राम पंचायतों और वार्डों में अभियान को व्यापक स्तर पर आयोजित करने तथा अधिकारियों को कार्यक्रमों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अभियान के आयोजन में किसी भी स्तर पर शिथिलता नहीं होनी चाहिए।

पर्यटन, ग्राम्य विकास, सूचना, पंचायतीराज, नगर विकास, बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा समेत सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने तथा कार्यक्रमों के फोटो और वीडियो शासन द्वारा उपलब्ध कराए गए लिंक पर समय से साझा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया, परियोजना निदेशक रामदरश चौधरी, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी निरंकार, जिला सूचना अधिकारी प्रभाकर मणि त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी श्रेया मिश्रा, बेसिक शिक्षा अधिकारी सुरजीत कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!