साइबर फ्रॉड के शिकार पीड़ित को महराजगंज पुलिस ने वापस कराए 54,740 रुपये

फरेंदा, महराजगंज।(न्यूज पैच)। थाना फरेन्दा पुलिस और साइबर सेल टीम ने साइबर फ्रॉड के शिकार एक पीड़ित की ठगी गई रकम में से 54,740.93 रुपये वापस कराने में सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार, थाना फरेन्दा क्षेत्र के ग्राम डड़वार खुर्द निवासी अभिषेक कुमार पाण्डेय के साथ 29 जून 2026 को ऑनलाइन 55 हजार रुपये का साइबर फ्रॉड हुआ था। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मामले को साइबर सेल के संज्ञान में लिया।
साइबर सेल टीम के अथक प्रयासों के बाद 7 सितंबर 2026 को पीड़ित के बैंक खाते में 54,740.93 रुपये सफलतापूर्वक रिफंड करा दिए गए। अपनी डूबी हुई रकम वापस मिलने पर पीड़ित ने महराजगंज पुलिस और साइबर सेल टीम का आभार जताया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में की गई।
सफलता प्राप्त करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अतुल कुमार सिंह, कांस्टेबल ग्रेड-ए स्वतंत्रवीर रावत, कांस्टेबल मनीष कुमार यादव और महिला कांस्टेबल सोनी पाण्डेय शामिल रहीं।




