यू.पी. एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन का द्विवार्षिक अधिवेशन संपन्न, नई कार्यकारिणी का गठन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। यू.पी. एजुकेशनल मिनिस्ट्रियल ऑफिसर्स एसोसिएशन, जनपद शाखा महराजगंज का जनपदीय द्विवार्षिक अधिवेशन बुधवार को गरिमापूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन राजकीय हाईस्कूल बरवां राजा, महराजगंज के प्रधानाध्यापक राम जी ने किया।
अधिवेशन में मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक, महराजगंज तथा विशिष्ट अतिथि वित्त एवं लेखाधिकारी, माध्यमिक शिक्षा, महराजगंज और मंडलीय सचिव विजय कुमार यादव उपस्थित रहे। इस दौरान कर्मचारी हितों, संगठन को मजबूत एवं प्रभावी बनाने तथा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
नई कार्यकारिणी का गठन
अधिवेशन के दौरान जनपद शाखा की नवीन कार्यकारिणी के लिए चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। इसमें सदानंद को अध्यक्ष, संदीप चौधरी को उपाध्यक्ष, हरीप्रकाश चौधरी को सचिव, सरफराज अहमद को कोषाध्यक्ष तथा विवेक कुमार को ऑडिटर चुना गया।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने संगठन की एकता एवं गरिमा बनाए रखते हुए कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण और उनके हितों के संरक्षण के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण से कार्य करने का संकल्प लिया।
मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए आशा व्यक्त की कि नई कार्यकारिणी संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने में सकारात्मक भूमिका निभाएगी। अधिवेशन का समापन संगठन की एकता, आपसी सौहार्द एवं कर्मचारी हितों के प्रति प्रतिबद्धता के संकल्प के साथ हुआ।




