मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का एसआरएम टीम ने किया निरीक्षण

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। विकास खंड मिठौरा क्षेत्र के ग्रामसभा हरिहरपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का एसआरएम टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और मेले में पहुंचे मरीजों से उनके स्वास्थ्य एवं उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
एसआरएम टीम के सदस्यों ने मरीजों को बताया कि शासन द्वारा संचालित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में निःशुल्क स्वास्थ्य की जांच एवं चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही स्वास्थ्य केंद्र पर उपलब्ध दवाओं का मरीजों को निःशुल्क वितरण किया जाता है।
मेले में हीमोग्लोबिन, टायफाइड, मलेरिया एवं शुगर की जांच के साथ गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य की भी जांच की जा रही है। टीम ने मरीजों से कहा कि किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर मेले में मौजूद चिकित्सकों से परामर्श लें। मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में 120 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जा चुका है।
इस दौरान सीएचसी अधीक्षक मिठौरा डा. डीएन सिंह, फार्मासिस्ट विजय प्रताप सिंह, सत्येंद्र कुमार यादव, डा . एसएम राम , अरुण पटेल, विनय कुमार, जनार्दन, अजित कुमार, अभिषेक पटेल, राहुल पटेल, विनय विश्वकर्मा, विद्यावती देवी एवं सुमित्रा सहित क्षेत्र की तमाम आशा संगिनी एवं आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
प्रमोद कुमार मौर्य




