Uncategorized

डीएम ने सर्वोदय विद्यालय की छात्राओं से किया संवाद, बोले- असफलता से घबराएं नहीं, सीख लेकर आगे बढ़ें

छात्राओं ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली से जुड़े सवाल पूछे, कलेक्ट्रेट और विकास भवन के भ्रमण के दिए निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय में गुरुवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने छात्राओं से प्रेरक संवाद किया। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, कैरियर निर्माण और व्यक्तित्व विकास को लेकर मार्गदर्शन दिया। संवाद के दौरान छात्राओं ने भी उत्साहपूर्वक सवाल पूछे और आत्मविश्वास के साथ अपनी जिज्ञासाएं रखीं।

छात्राओं के आत्मविश्वास की डीएम ने की सराहना

जिलाधिकारी ने छात्राओं से उनके कैरियर लक्ष्यों के बारे में जानकारी ली और उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर योजनाबद्ध एवं निरंतर तैयारी करने के लिए प्रेरित किया।

प्रश्नोत्तर के दौरान छात्राओं ने विभिन्न विषयों से जुड़े सवालों के जवाब पूरे आत्मविश्वास के साथ दिए। जिलाधिकारी ने छात्राओं के ज्ञान और सहभागिता की सराहना करते हुए विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ छात्राओं के व्यक्तित्व विकास पर भी ध्यान दिया जा रहा है।

कलेक्ट्रेट और विकास भवन का भ्रमण करेंगी छात्राएं

संवाद के दौरान छात्राओं ने जिलाधिकारी से प्रशासनिक कार्यप्रणाली और कलेक्ट्रेट में होने वाले कार्यों के बारे में जानकारी ली। डीएम ने उनके सवालों का सहजता से जवाब दिया और छात्राओं को अपने कार्यालय आने का निमंत्रण दिया।

उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी और प्रधानाचार्य को निर्देशित किया कि छात्राओं को कलेक्ट्रेट और विकास भवन का भ्रमण कराया जाए, ताकि वे प्रशासनिक व्यवस्था को करीब से समझ सकें और शासन-प्रशासन के कामकाज की जानकारी हासिल कर सकें।

‘असफलता से घबराएं नहीं, उससे सीखें’

जिलाधिकारी ने कहा कि छात्रावासीय जीवन छात्राओं के भविष्य के लिए बेहद उपयोगी है। यहां वे अनुशासन, समय प्रबंधन, सामूहिक जीवन और आत्मनिर्भरता जैसे महत्वपूर्ण गुण सीख रही हैं, जो आगे जीवन की चुनौतियों का सामना करने में मदद करेंगे।

उन्होंने कहा कि जीवन में असफलता से कभी घबराना नहीं चाहिए। असफलता से सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए। तनाव से बचने के लिए अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने और लगातार प्रयास करते रहने की जरूरत है।

उन्होंने छात्राओं से कहा कि परिणाम की अत्यधिक चिंता करने के बजाय अपने प्रयास और तैयारी को बेहतर बनाने पर ध्यान दें। अनुशासन, निरंतरता, मेहनत और आत्मविश्वास सफलता के लिए जरूरी हैं।

भटकाव से दूर रहने और समाचार पढ़ने की सलाह

डीएम ने छात्राओं को वर्तमान समय में मौजूद विभिन्न प्रकार के भटकाव से दूर रहकर अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी। उन्होंने नियमित रूप से समाचार पत्र और पत्रिकाएं पढ़ने तथा देश-दुनिया की महत्वपूर्ण घटनाओं से अपडेट रहने को कहा।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामान्य अध्ययन और समसामयिक घटनाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसके साथ ही देश-दुनिया की जानकारी व्यक्ति के ज्ञान और व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होती है।

छात्राओं के साथ भोजन कर की अनौपचारिक बातचीत

संवाद के बाद जिलाधिकारी ने छात्राओं, शिक्षकों और विद्यालय के अन्य स्टाफ के साथ भोजन किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से अनौपचारिक बातचीत करते हुए विभिन्न विषयों पर चर्चा की।

छात्राओं ने जिलाधिकारी के अनुभवों और प्रेरक विचारों को उपयोगी बताते हुए संवाद को अपने कैरियर निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ मौजूद रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!