रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की मिठाई दुकानों पर छापेमारी, पांच नमूने जांच को भेजे
फरेंदा रोड और शिकारपुर में हुई कार्रवाई, खोया, बूंदी लड्डू, पेड़ा, मिल्ककेक और छेना मिठाई के नमूने लिए

महराजगंज।(न्यूज पैच)। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में सोमवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने फरेंदा रोड और शिकारपुर क्षेत्र में मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान अलग-अलग प्रतिष्ठानों से मिठाइयों और खोया के कुल पांच नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आयुक्त के निर्देश तथा जिलाधिकारी महराजगंज और प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के.के. उपाध्याय के निर्देशन में की गई।
पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने फरेंदा रोड स्थित वीनस स्वीट्स का निरीक्षण किया। यहां से खोया और बूंदी लड्डू के नमूने संग्रहित किए गए।
इसके बाद टीम ने शिकारपुर में अमरनाथ की मिठाई दुकान से पेड़ा, आशीष स्वीट्स से मिल्ककेक और मोदनवाल स्वीट्स से छेना मिठाई का नमूना लिया।
सभी पांच नमूनों को जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने दुकानदारों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए।
पर्व को लेकर अभियान जारी
विभाग के अधिकारियों के अनुसार रक्षाबंधन जैसे त्योहारों के दौरान मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में मिलावट पर अंकुश लगाने और उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह और पवन गौड़ शामिल रहे।




