विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के नेतृत्व में हर्षोल्लास के साथ निकली तिरंगा यात्रा
देश भक्तिमय नारों से गूंज उठा पनियरा

पनियरा (महराजगंज)। (न्यूज पैच)। नगर पंचायत पनियरा में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने एक तिरंगा यात्रा निकाली। इस यात्रा में आर.के.इंटर कॉलेज और पनियरा इंटर कॉलेज (मन्नान खां विद्यालय) के छात्र-छात्राओं सहित भारी संख्या में आम नागरिक भी शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए लोगों ने देशभक्ति के नारे लगाए, जिससे पूरा क्षेत्र तिरंगामय हो गया और देश भक्तिमय नारों से गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत रहसूगुरु धाम से होकर नहर मार्ग से होते हुए शांति नगर चौराहे पर पहुंची। इसके बाद कस्बे के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए दुर्गा मंदिर चौराहा और फिर ब्लॉक की ओर बढ़ी। यात्रा का समापन नगर पंचायत पनियरा परिसर में किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह थे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम से लोगों में आजादी के शहीदों के प्रति सम्मान बढ़ेगा और आने वाली पीढ़ियाँ भी स्वतंत्रता आंदोलन से अवगत हो सकेगी। कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष उमेश चंद जायसवाल,मण्डल अध्यक्ष पनियरा उमेश प्रजापति, आफाक आलम उर्फ सैफ खां,वीरेंद्र सिंह प्रधान, सतीश सिंह,अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार यादव, राजेश पाल, गणेश प्रजापति, पन्नेलाल जायसवाल, राजेश्वर मद्धेशिया, पिंटू जायसवाल, पूर्व मंडल अध्यक्ष रूपेश शर्मा सहित भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पनियरा थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पूरी यात्रा के दौरान मौजूद रहे।
आफताब आलम खां
पनियरा महराजगंज




