नगर के विकास एवं स्वच्छता कार्यों का पालिका अध्यक्ष ने किया निरीक्षण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने सोमवार को नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण कर चल रहे विकास एवं साफ-सफाई कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने शास्त्री नगर स्थित छठ घाट पोखरा, फरेंदा रोड तथा करपथ पार्क क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई, सड़क किनारे पेड़-पौधों की देखभाल तथा खरपतवार हटाने के कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नगरवासियों को स्वच्छ और सुंदर वातावरण उपलब्ध कराना नगर पालिका की प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता के साथ-साथ हरियाली के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाए।
इसके बाद अध्यक्ष ने नेहरू नगर में निर्माणाधीन इंटरलॉकिंग सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित ठेकेदार को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूरा होने से स्थानीय नागरिकों को आवागमन और जल निकासी की समस्या से राहत मिलेगी।
इस अवसर पर सभासद सिद्धार्थ नाथ शुक्ला, बृज किशोर सिंह, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, प्रणय गौतम, सफाई नायक इंद्राशन, ड्राइवर आरिफ खान, विवेक कुमार सहित नगर पालिका के कर्मचारी एवं सम्मानित नगरवासी मौजूद रहे।




