सिसवा में IPL कर्मचारी की संदिग्ध मौत, पत्नी ने मिल प्रबंधन पर लगाया मानसिक उत्पीड़न का आरोप

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सिसवा स्थित इंडियन पोटाश लिमिटेड (IPL) इकाई के कर्मचारी अरविंद सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद मामला गंभीर हो गया है। मृतक की पत्नी भानुप्रिया सिंह ने कोठीभार थाने में तहरीर देकर मिल प्रबंधन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर मानसिक उत्पीड़न, जबरन नौकरी से हटाने तथा मुकदमा वापस लेने के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाया है।
तहरीर के अनुसार, अरविंद सिंह करीब 22 वर्षों से IPL सिसवा इकाई के चिकित्सालय में कार्यरत थे। पत्नी का आरोप है कि पिछले करीब एक वर्ष से यूनिट हेड और एचआर विभाग की ओर से उन्हें लगातार मानसिक रूप से परेशान किया जा रहा था और नौकरी से निकालने की धमकियां दी जा रही थीं।
आरोप है कि करीब चार माह पूर्व उन्हें बिना विधिक नोटिस के नौकरी से हटा दिया गया। इसके खिलाफ अरविंद सिंह ने श्रम आयुक्त, गोरखपुर मंडल के न्यायालय में वाद दायर किया था, जो वर्तमान में विचाराधीन बताया जा रहा है।
मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाने का आरोप
मृतक की पत्नी का आरोप है कि वाद दायर किए जाने की जानकारी मिलने के बाद मिल प्रबंधन की ओर से अरविंद सिंह पर मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया जाने लगा। तहरीर में गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। परिजनों के मुताबिक, इस पूरे घटनाक्रम के बाद अरविंद सिंह काफी परेशान रहने लगे थे।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि 5 अगस्त की शाम करीब सात बजे मिल के कुछ कर्मचारी अरविंद सिंह के घर पहुंचे और मुकदमा वापस नहीं लेने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों ने उनका उपचार कराया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ और 7 अगस्त को उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
मामले में कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मृतक की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




