सक्सेना नगर में वर्षों से लंबित पुल निर्माण कार्य को मिली गति, जल्द मिलेगी आवागमन की बड़ी राहत

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल के सतत प्रयासों से नगर के सक्सेना नगर स्थित सामुदायिक अस्पताल के पीछे वर्षों से लंबित पड़ा पुल निर्माण कार्य अब तेजी से पूरा कराया जा रहा है। पुल के निर्माण से क्षेत्र के हजारों लोगों को आवागमन में होने वाली कठिनाइयों से राहत मिलेगी और सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी।
नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. पुष्पलता मंगल ने कहा कि नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने विश्वास जताया कि पुल निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों और राहगीरों को भी काफी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।
पुल निर्माण कार्य शुरू होने पर स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष का आभार जताया और इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास कार्य बताया।
इस अवसर पर अध्यक्ष प्रतिनिधि निर्मेश मंगल, प्रधान लिपिक बैकुंठनाथ यादव, अवर अभियंता देवेंद्र कुमार, सभासद लालजी गुप्ता, बृज किशोर सिंह सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




