श्रावण मास की तैयारियों का डीआईजी व एसपी ने लिया जायजा, पंचमुखी शिव मंदिर इटहिया का किया निरीक्षण

महराजगंज।(न्यूज पैच)। आगामी श्रावण मास में श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) गोरखपुर परिक्षेत्र एस. चन्नप्पा एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने शनिवार को पंचमुखी शिव मंदिर, इटहिया का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मंदिर परिसर एवं आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं की आवाजाही, सीसीटीवी निगरानी, पार्किंग व्यवस्था तथा यातायात प्रबंधन का विस्तृत जायजा लिया।
डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रावण मास के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने मंदिर परिसर एवं आसपास नियमित गश्त, प्रभावी निगरानी तथा भीड़ प्रबंधन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कानून-व्यवस्था सुचारु बनी रहे।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि श्रावण मास के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है तथा सभी आवश्यक प्रबंध समय से सुनिश्चित किए जा रहे हैं।




