संपूर्ण समाधान दिवस में 23 शिकायतों की सुनवाई, चार मामलों का मौके पर निस्तारण
डीएम और एसपी ने सुनी फरियादियों की समस्याएं, डीआईजी भी हुए शामिल; सरकारी जमीन पर कब्जे के मामलों में सख्ती के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। तहसील सदर सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल एवं पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीआईजी गोरखपुर रेंज एस. चन्नप्पा भी शामिल हुए और जनसुनवाई कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 23 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवादों के त्वरित और निष्पक्ष निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि आईजीआरएस (IGRS) से संबंधित शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण समाधान किया जाए तथा शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि दर कम से कम 75 प्रतिशत सुनिश्चित की जाए। उन्होंने तहसीलदार सदर को धारा 24 एवं धारा 116 के मामलों में न्यायालय के आदेशों का शत-प्रतिशत अनुपालन कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक के दौरान परतावल ब्लॉक की छपिया ग्राम पंचायत में सरकारी भूमि पर कब्जे के मामले में संबंधित लेखपाल अनिल कुमार मिश्रा को कड़ी फटकार लगाई गई। जिलाधिकारी ने तहसीलदार सदर को भूमि की तत्काल पैमाइश कराने तथा बीडीओ परतावल को उक्त भूमि पर मनरेगा पार्क अथवा खेल मैदान विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे के मामलों में शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जाएगी।
इसके अलावा पनियरा ब्लॉक के लगड़ी गांव में हाल ही में हुई महिला हत्या की घटना के संदर्भ में जिलाधिकारी ने मृतका के बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित अन्य कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला प्रोबेशन अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को बच्चों का विद्यालय में तत्काल नामांकन सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए।
प्राप्त शिकायतों में 10 मामले राजस्व विभाग, 7 मामले पुलिस विभाग तथा शेष शिकायतें ग्राम्य विकास एवं अन्य विभागों से संबंधित रहीं।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) निरंजन सुर्वे राजेंद्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन.एन. प्रसाद, एसडीएम सदर अवनीश त्रिपाठी, तहसीलदार पंकज शाही, जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।




