प्रधानों ने सरकार के फैसले का किया स्वागत, विधायक और भाजपा नेताओं का हुआ भव्य सम्मान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद उन्हें ही ग्राम पंचायतों का प्रशासक नियुक्त किए जाने के निर्णय के स्वागत में गुरुवार को सदर विकास खंड सभागार एवं मिठौरा विकास खंड सभागार में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में प्रधान, जनप्रतिनिधि एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस दौरान सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, जिला महामंत्री प्रभाकर द्विवेदी तथा पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल का ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं एवं अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत एवं सम्मान किया गया। नेताओं को विशाल फूलमालाओं से लादकर स्वागत किया गया, जिससे पूरा सभागार उत्साह और उत्सव के माहौल में डूबा नजर आया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक जय मंगल कन्नौजिया ने कहा कि जो कार्य आज तक किसी सरकार ने नहीं किया, उसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कर दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ केवल घोषणाएं नहीं करते, बल्कि जो कहते हैं उसे धरातल पर उतारकर दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों का कार्यकाल समाप्त होने के बाद विकास कार्य बाधित न हों, इसके लिए सरकार ने प्रधानों को ही प्रशासक नियुक्त करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है।
विधायक ने कहा कि इस फैसले से ग्राम पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों की निरंतरता बनी रहेगी तथा जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और प्रदेश में विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। उन्होंने उपस्थित प्रधानों से कहा कि जिस सरकार ने आपका ख्याल रखा है, उसका साथ देना भी आपकी जिम्मेदारी है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने हमेशा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानों को प्रशासक बनाए जाने का निर्णय ग्रामीण विकास को गति देने वाला है। इससे पंचायतों में विकास योजनाओं का क्रियान्वयन बिना किसी रुकावट के जारी रहेगा तथा गांवों के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने इस निर्णय को दूरदर्शी और जनहितकारी बताते हुए कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार विकास और सुशासन के संकल्प को पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ा रही है।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल, जिला महामंत्री प्रभाकर द्विवेदी, प्रधान संघ अध्यक्ष अजय धर द्विवेदी, प्रमुख प्रतिनिधि राम प्रीत गुप्ता, राम हरख गुप्ता, पूर्व प्रमुख रणजीत बहादुर सिंह, प्रधान संघ जिलाध्यक्ष अनिल जोशी, सदर प्रधान संघ अध्यक्ष रमेश सिंह तथा मिठौरा प्रधान संघ अध्यक्ष रघुनाथ पटेल ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सरकार के इस निर्णय की सराहना की।
कार्यक्रम के पूर्व ढोल-नगाड़ों और लोक कलाकारों के भव्य प्रदर्शन से अतिथियों का स्वागत किया गया। प्रधानों ने विधायक जय मंगल कन्नौजिया एवं जिलाध्यक्ष संजय पांडेय को फूल-मालाओं, अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। पूरे सभागार में उत्साह का माहौल बना रहा तथा उपस्थित लोगों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में अमरजीत साहनी, विजय पटेल, करुणेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष अशोक पटेल, दीपक पांडेय, शैलेश पांडेय, ग्राम विकास अधिकारी राजेश सिंह, अविनाश श्रीवास्तव, चंद्र प्रकाश गुप्ता, राजेश त्रिपाठी, कृष्ण कन्नौजिया, सच्चिदानंद मौर्य, पिंटू, संतोष पटेल, शेष मणि, रामेन्द्र पटेल, संजय कुमार सहित बड़ी संख्या में प्रधान, जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




