‘महराजगंज पहल’ के तहत मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थी बच्चों से प्रशासन का संवाद
सभी विकास खंडों में आयोजित हुए अभिमुखीकरण कार्यक्रम, 1456 बच्चों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का लक्ष्य

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की विशेष पहल “महराजगंज पहल” के अंतर्गत मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के लाभार्थी बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं से समग्र रूप से जोड़ने के उद्देश्य से जनपद के सभी विकास खंडों में ब्लॉक स्तरीय संवाद एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य कोविड अथवा अन्य कारणों से अपने माता-पिता दोनों अथवा किसी एक को खो चुके बच्चों को मनोवैज्ञानिक संबल प्रदान करना, उनकी आवश्यकताओं का आकलन करना तथा विभिन्न विभागों एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के समन्वित सहयोग से उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करना है।
विकास खंड परतावल में आयोजित कार्यक्रम में पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे कोविड सहित अन्य दुर्घटनाओं से प्रभावित परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। वहीं फरेंदा विधायक ने भी इस नवाचारी पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास प्रशासन की संवेदनशील कार्यशैली को दर्शाते हैं।
विकास खंड मिठौरा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने स्वयं प्रतिभाग कर बच्चों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों से उनकी शिक्षा, रुचियों, भविष्य की योजनाओं और आकांक्षाओं के बारे में जानकारी ली तथा उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थितियां सफलता की राह में बाधा नहीं बनतीं, बल्कि दृढ़ संकल्प और निरंतर प्रयास से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। जिला प्रशासन प्रत्येक बच्चे के साथ मजबूती से खड़ा है और उनके सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने लाभार्थी बच्चों के अभिभावकों एवं परिजनों से भी संवाद कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि कोई पात्र परिवार किसी योजना के लाभ से वंचित है तो उसका तत्काल सत्यापन कर उसे संबंधित योजना से जोड़ा जाए।
मिठौरा कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, यूनिसेफ के डॉ. अनिल कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं विशेषज्ञों ने बच्चों और उनके अभिभावकों का मार्गदर्शन किया।
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के सभी लाभार्थी बच्चों की विस्तृत प्रोफाइलिंग भी की गई। इसमें बच्चों की शैक्षणिक स्थिति, रुचियां, कौशल विकास की संभावनाएं, पारिवारिक स्थिति तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से उनकी वर्तमान लाभान्वित स्थिति का आकलन किया गया। इस आधार पर प्रत्येक बच्चे एवं उसके परिवार की आवश्यकताओं के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा उन्हें विभिन्न विभागों की योजनाओं से प्राथमिकता के आधार पर जोड़ा जाएगा। साथ ही गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से समय-समय पर काउंसलिंग एवं अन्य आवश्यक सहयोग भी सुनिश्चित किया जाएगा।
जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने कहा कि “महराजगंज पहल” केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि संवेदनशील प्रशासनिक सोच का परिणाम है। इसका उद्देश्य उन बच्चों को आत्मविश्वास, सुरक्षा और बेहतर अवसर प्रदान करना है जिन्होंने जीवन में कठिन परिस्थितियों का सामना किया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं का पूरा लाभ दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभिन्न विभागों एवं सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयासों से इन बच्चों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जाएगा।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए प्रत्येक विकास खंड में एक जिलास्तरीय अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा संबंधित खंड विकास अधिकारी को ब्लॉक स्तर पर संयोजक बनाया गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग को अभियान का नोडल विभाग नामित किया गया है। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा गैर-सरकारी संस्थाओं की सक्रिय सहभागिता रही।




