विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड मां के नाम अभियान के तहत केन्द्रीय मंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने लगाया वृक्ष, बोले पर्यावरण सरंक्षण से आने वाली पीढियो का भविष्य सुरक्षित

महराजगंज।(न्यूज पांच)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने नवीन मंडी स्थल परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधा लगाकर लोगों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। उन्होंने कहा कि “पर्यावरण को स्वस्थ बनाएं, आओ मिलकर पेड़ लगाएं” केवल एक नारा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान भी इसी दिशा में एक जनभागीदारी आधारित प्रयास है, जिसके माध्यम से लोगों को प्रकृति से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पंकज चौधरी ने प्रदेशवासियों को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि की बधाई देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश के बलिया जनपद स्थित जय प्रकाश नारायण पक्षी अभयारण्य (सुरहा ताल) को भारत का 100वां रामसर साइट घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पर्यावरण संरक्षण संबंधी दूरदर्शी विजन और राज्य सरकार के सतत प्रयासों का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि रामसर साइट का दर्जा मिलने से सुरहा ताल की अंतरराष्ट्रीय पहचान और मजबूत होगी। इससे आर्द्रभूमि संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन, पर्यटन विकास तथा स्थानीय रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेन्द्र सिंह प्रदीप उपाध्याय, कृष्णगोपाल जायसवाल, अमरनाथ पटेल, अजय कुमार श्रीवास्तव, रमेश बर्मा, जितेंद्र पटेल तथा अरुणेश शुक्ला सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।




