साधन सहकारी समिति की भूमि से पुलिस चौकी का नाम हटाने की मांग, किसानों ने डीएम से लगाई गुहार
बागापार के ग्रामीणों का आरोप- तीन वर्ष बाद भी नहीं हुआ जिलाधिकारी के आदेश का अनुपालन, खाद-बीज वितरण व सरकारी खरीद प्रभावित होने की जताई आशंका

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सदर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत बागापार के किसानों एवं ग्रामीणों ने साधन सहकारी समिति की भूमि से पुलिस चौकी का नाम हटाकर पुनः समिति का नाम दर्ज किए जाने की मांग को लेकर जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में जिलाधिकारी द्वारा इस संबंध में आदेश दिए जाने के बावजूद अब तक संबंधित अधिकारियों ने उसका अनुपालन नहीं किया है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, आराजी संख्या 1942, रकबा 0.089 हेक्टेयर पर लगभग 40 वर्षों से साधन सहकारी समिति संचालित है। इसी समिति के माध्यम से बागापार न्याय पंचायत के विभिन्न गांवों के किसानों को खाद एवं बीज उपलब्ध कराया जाता है तथा धान और गेहूं की सरकारी खरीद भी यहीं से होती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वर्ष 2023 में समिति परिसर में पुलिस चौकी निर्माण के उद्देश्य से पुलिस चौकी का बोर्ड लगाए जाने के बाद उन्हें इस प्रस्ताव की जानकारी हुई। अभिलेखों की जांच में पता चला कि 6 दिसंबर 2020 को तत्कालीन ग्राम प्रधान द्वारा पुलिस चौकी के पक्ष में प्रस्ताव पारित किया गया था, जिसके आधार पर खतौनी में पुलिस चौकी का नाम दर्ज कर दिया गया।
किसानों का कहना है कि यदि समिति की भूमि पर पुलिस चौकी का निर्माण होता है तो खाद एवं बीज वितरण के साथ-साथ धान और गेहूं की सरकारी खरीद भी प्रभावित होगी, जिससे बागापार न्याय पंचायत के लगभग 10 गांवों के किसानों को कृषि कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि 19 अक्टूबर 2023 को ग्रामीणों एवं किसानों ने जिलाधिकारी को इस संबंध में आवेदन दिया था। उस समय जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर को समिति की भूमि से पुलिस चौकी का नाम निरस्त कर साधन सहकारी समिति का नाम दर्ज कराने तथा ग्राम सभा की अन्य भूमि पर पुलिस चौकी के लिए स्थान आवंटित करने के निर्देश दिए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि इतने समय बीत जाने के बाद भी इस आदेश का पालन नहीं किया गया।
किसानों एवं ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि जनहित को देखते हुए साधन सहकारी समिति की भूमि से पुलिस चौकी का नाम हटाकर पुनः समिति का नाम दर्ज कराया जाए तथा पुलिस चौकी के निर्माण के लिए ग्राम सभा में किसी अन्य उपयुक्त भूमि का आवंटन किया जाए।
इस संबंध में प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश, सदर विधायक महराजगंज एवं पुलिस अधीक्षक महराजगंज को भी प्रेषित की गई है।




