थाना समाधान दिवस में सीओ दीपशिखा वर्मा ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
शिकायतों के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश, भूमि विवादों में पुलिस-राजस्व टीम को संयुक्त कार्रवाई के आदेश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में आयोजित थाना समाधान दिवस के तहत शनिवार को क्षेत्राधिकारी फरेंदा दीपशिखा वर्मा की अध्यक्षता में थाना फरेंदा परिसर में जनसुनवाई आयोजित की गई। इस दौरान उन्होंने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित पुलिस एवं राजस्व अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान दिवस के दौरान प्राप्त प्रार्थना-पत्रों की एक-एक कर समीक्षा की गई। विशेष रूप से भूमि विवाद, पारिवारिक विवाद तथा अन्य शिकायतों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और निष्पक्ष समाधान पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विवादित मामलों में संयुक्त टीम मौके पर पहुंचकर निष्पक्ष जांच करे और विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करे, ताकि अनावश्यक विवादों की पुनरावृत्ति न हो तथा कानून-व्यवस्था बनी रहे।
इस अवसर पर थानाध्यक्ष फरेंदा, थाना पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।




