श्यामदेउरवा में महिला की मौत के मामले में 12 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार
पुरानी रंजिश में मारपीट के बाद हुई थी महिला की मौत, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दोनों आरोपियों को भेजा जेल

महराजगंज।(न्यूज पैच)। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में महिला की मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के महज 12 घंटे के भीतर दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 24 जुलाई 2026 को गुलशन साहनी पुत्र शिवनारायण साहनी, निवासी कुड़वा उर्फ मुड़कटिया टोला लंगड़ी, थाना श्यामदेउरवा ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश को लेकर गांव के अजय साहनी और भरथरी साहनी ने उनकी माता रुखमिना (लगभग 40 वर्ष) के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उनकी मृत्यु हो गई।
तहरीर के आधार पर थाना श्यामदेउरवा में मु0अ0सं0 214/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई और दोनों नामजद अभियुक्तों को 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय साहनी पुत्र भोरीक साहनी तथा भरथरी साहनी पुत्र अमेरिका, दोनों निवासी कुड़वा उर्फ मुड़कटिया टोला लंगड़ी, थाना श्यामदेउरवा के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी की कार्रवाई में उपनिरीक्षक आकाश कुमार, उपनिरीक्षक राजेश कुमार सिंह, मुख्य आरक्षी संजय सिंह, मुख्य आरक्षी सुरजीत सिंह, आरक्षी पंकज यादव तथा आशीष यादव शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है तथा सभी तथ्यों की गहनता से जांच की जा रही है।




