बाढ़ को लेकर प्रशासन अलर्ट, एडीएम ने निचलौल के संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण
तटबंधों, बाढ़ चौकियों और राहत व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। संभावित बाढ़ की चुनौती को देखते हुए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मंगलवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने तहसील निचलौल के बाढ़ प्रभावित एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर बाढ़ पूर्व तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर पूरी सतर्कता बरतने तथा सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने गेड़हवां, कमनिसवा, ठूठीबारी सहित विभिन्न बाढ़ संभावित क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ शरणालयों, पशु शरणालयों, बाढ़ चौकियों तथा राहत एवं बचाव संसाधनों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी बाढ़ चौकियों पर नाव, लाइफ जैकेट, प्राथमिक उपचार सामग्री, संचार उपकरण और अन्य आवश्यक संसाधन हर समय उपलब्ध एवं क्रियाशील रहें, ताकि आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों से संवाद भी किया। उन्होंने लोगों से बाढ़ के समय प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट का पालन करने, समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने तथा किसी भी आपात स्थिति की तत्काल सूचना प्रशासन को देने की अपील की। उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन में जनसहभागिता और सामुदायिक सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने गेड़हवां से ठूठीबारी के बीच स्थित तटबंधों का निरीक्षण कर उनकी सुरक्षा व्यवस्था, संवेदनशील स्थलों और संभावित कटान वाले क्षेत्रों का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि तटबंधों की लगातार निगरानी की जाए और कहीं भी रिसाव, कटान अथवा क्षति की सूचना मिलने पर तत्काल मरम्मत एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के समापन पर एसडीआरएफ (SDRF) और एसएसबी (SSB) की रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) के साथ समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभावित बाढ़ की स्थिति में खोज एवं बचाव अभियान, राहत वितरण, निकासी योजना, संचार व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विभाग पूर्ण सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रत्येक सूचना पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करते हुए जन-धन और पशुधन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन संभावित बाढ़ से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड में रखा गया है।




