नेपाल में अवैध प्रवेश की कोशिश में अमेरिकी नागरिक गिरफ्तार, वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर मुकदमा दर्ज

महराजगंज।(न्यूज पैच)। भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियों ने एक विदेशी नागरिक को बिना वैध दस्तावेज के नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश करते हुए हिरासत में लिया है। पूछताछ में उसने खुद को जॉर्डन ब्राउन, निवासी कैलिफोर्निया (अमेरिका) बताया। मामले में पुलिस ने आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, 11 जुलाई को सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने सोनौली सीमा के पास एक संदिग्ध विदेशी नागरिक को नेपाल की ओर अनधिकृत रूप से जाते हुए पकड़ा। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि वह अमेरिकी नागरिक है और पर्यटन वीजा पर थाईलैंड गया था, जहां उसका पासपोर्ट गुम हो गया। इसके बाद वह किसी माध्यम से जलमार्ग के रास्ते श्रीलंका पहुंचा और वहां से 2 नवंबर 2025 को समुद्री मार्ग से भारत आया। उसने दावा किया कि वह तब से गोवा में रह रहा था और अब नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था।
हालांकि, पूछताछ के दौरान उसके पास भारत में वैध रूप से रहने अथवा नेपाल जाने से संबंधित कोई अधिकृत दस्तावेज नहीं मिला। इसके बाद एसएसबी ने उसे आगे की कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया। अन्य सुरक्षा एवं जांच एजेंसियों ने भी उससे विस्तृत पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार, विदेशी नागरिक द्वारा बताए गए तथ्यों का सत्यापन कराया जा रहा है। उसके यात्रा मार्ग, भारत में प्रवेश की परिस्थितियों और दस्तावेजों के संबंध में विभिन्न एजेंसियां जांच कर रही हैं।
इस मामले में थाना सोनौली पर मुकदमा अपराध संख्या 68/2026 के तहत आव्रजन एवं विदेशी अधिनियम, 2025 की धारा 21 एवं 23 में अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने बताया कि विदेशी नागरिक के पास कोई वैध यात्रा दस्तावेज नहीं मिले हैं। उसके द्वारा पूछताछ में बताए गए तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




