चुनाव की तैयारी में जुटे सपाई, बूथ स्तर पर सक्रिय होने का आह्वान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। समाजवादी पार्टी कार्यालय महराजगंज में शुक्रवार को जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक जिला अध्यक्ष विद्यासागर यादव की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, मतदाता सूची में त्रुटियों को ठीक कराने तथा आगामी चुनावों की तैयारी को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि सभी लोग अपने-अपने बूथों पर सक्रिय हो जाएं, क्योंकि चुनाव कभी भी घोषित हो सकता है। उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद जारी नई मतदाता सूची में कई प्रकार की त्रुटियां सामने आई हैं। कई बूथों पर एक ही व्यक्ति के नाम से पांच से छह नाम दर्ज हो गए हैं, जिससे मतदाता सूची की शुद्धता प्रभावित हो रही है।
उन्होंने सभी विधानसभा अध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे अपने बूथ अध्यक्षों को मतदाता सूची वितरित करें तथा ऐसे मतदाताओं को चिन्हित कर फॉर्म-7 भरवाकर सूची से हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करें, जिनके नाम एक से अधिक बार दर्ज हैं।
जिलाध्यक्ष ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लगातार लीक हो रहे हैं और आरक्षण व्यवस्था में गड़बड़ी कर पीडीए समाज के लोगों को सरकारी नौकरियों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों से गरीब और अधिक गरीब होता जा रहा है।
बैठक को पूर्व विधायक श्रीपति आजाद, जिला महासचिव समसुद्दीन अली, बिंद्रेश कनोजिया, जिला उपाध्यक्ष प्रणय गौतम, बाबर अहमद, जाफर अली, जिला सचिव विजय यादव, छात्र सभा जिलाध्यक्ष यज्ञदत्त पासवान, विधानसभा अध्यक्ष नौशाद आलम, अर्जुन यादव एवं विक्रम यादव ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर बबलू सिंह, नरेंद्र भारती, अमरनाथ यादव, हीरालाल जख्मी, डॉ. शेषनाथ, जयप्रकाश यादव, इंदु गौतम सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।




