विश्व पर्यावरण दिवस पर पुलिस अधीक्षक ने किया वृक्षारोपण, दिया हरित वातावरण का संदेश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर महराजगंज पुलिस द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी ने रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में पौधरोपण कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वृक्ष मानव जीवन का आधार हैं और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी गंभीर चुनौतियों के बीच वृक्षारोपण ही पर्यावरण संरक्षण का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि यह अभियान समाज को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ भावनात्मक रूप से भी जोड़ने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। कार्यक्रम में हरित वातावरण निर्माण, स्वच्छ पर्यावरण तथा प्रकृति संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
महराजगंज पुलिस द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने एवं लोगों को वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।




