ऋण जमा रेसियो की वृद्धि पर जिलाधिकारी ने बैंकर्स की सराहना की, बैंक शाखाओ को लम्बित आवेदनो के शीघ्र निस्तारण का दिया निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता एवं मुख्य विकास अधिकारी की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय साख समिति (DCC) की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय समावेशन, ऋण वितरण, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना तथा स्वयं सहायता समूहों के बैंक लिंकेज की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जनपद का ऋण-जमा अनुपात (CD Ratio) मार्च 2026 में बढ़कर 69.58 प्रतिशत हो गया है, जो भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा निर्धारित 60 प्रतिशत के मानक से अधिक है। इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी महोदय ने बैंकर्स एवं संबंधित विभागों की सराहना की। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद द्वारा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किए जाने का उल्लेख करते हुए जिलाधिकारी महोदय ने चालू वित्तीय वर्ष में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण एवं समयबद्ध ऋण वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत विभिन्न बैंकों में लंबित प्रकरणों पर मुख्य विकास अधिकारी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित बैंक शाखाओं को लंबित आवेदनों का त्वरित निस्तारण एवं स्वीकृत ऋणों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी जून माह में आयोजित होने वाले स्वनिधि महोत्सव एवं विशेष अभियान में बैंकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा गया।
प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की समीक्षा के दौरान पात्र लाभार्थियों के लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करते हुए शीघ्र ऋण स्वीकृति एवं वितरण के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त स्वयं सहायता समूहों के खाते खोलने तथा क्रेडिट लिंकेज की प्रगति में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया गया। बैठक में नाबार्ड द्वारा वित्तीय वर्ष 2027-28 की संभाव्यता युक्त ऋण योजना (PLP) तैयार किए जाने हेतु संबंधित विभागों एवं बैंकों से आवश्यक आंकड़े एवं सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया। इसके अतिरिक्त यूपी ग्रामीण बैंक की करमही शाखा के स्थानांतरण संबंधी प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
अंत में जिलाधिकारी महोदय ने सभी बैंकर्स एवं विभागीय अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा वित्तीय समावेशन की प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में अग्रणी जिला प्रबंधक (LDM) भूपेंद्र मिश्रा, भारतीय रिजर्व बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री सुधीर पाण्डेय, नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक श्रीमती दीपा पंत, उपायुक्त उद्योग श्री धीरज सिंह, जिला उद्यान अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बैंकर्स उपस्थित रहे।
आर्यन श्रीवास्तव




