धार्मिक त्योहारो पर शान्ति व सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क, गैर परम्परागत आयोजन पर प्रशासन सख्त

महराजगंज।(न्यूज पैच)। बकरीद सहित आगामी पर्वों के दृष्टिगत जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी द्वारा कलेक्ट्रेट सभागार में विभिन्न समुदायों के साथ पीस कमेटी की बैठक की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग आगामी त्योहारों में शासन द्वारा निर्धारित गाइडलाइंस का अनुपालन सुनिश्चित करें। किसी भी दशा में गैर परम्परागत आयोजन को आयोजित न करें। आयोजक प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट चार्ट और समय सारिणी का पालन अनिवार्य रूप से करें। उन्होंने कहा कि हमारे धार्मिक/सांस्कृतिक पर्व हमारी संस्कृति और परंपरा की पहचान हैं। इसलिए इन पर्वों को हमे उसी रूप में मनाना चाहिए। कोई ऐसा काम न करें, जिससे किसी अन्य की भावना को ठेस पहुंचे या कानून व्यवस्था पर संकट उत्पन्न हो। कहा कि सोशल मीडिया पर पुलिस और प्रशासन की कड़ी निगाह है। इसलिए कोई भी आपत्तिजनक पोस्ट न करें, अन्यथा जिला प्रशासन कठोरतम कार्यवाही सुनिश्चित करेगा। उन्होंने मस्जिदों पर मौजूद स्वयं सेवकों को शासन–प्रशासन के निर्देशों से अवगत कराने का निर्देश देते हुए कहा कि धर्म स्थलों पर निर्धारित सीमा में हो लाउड स्पीकर की ध्वनि को सीमित रखें।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी एसडीएम और सीओ थानों पर संयुक्त बैठक कर आवश्यक निर्देशों से लोगों को अवगत करा दें। विद्युत विभाग को जुलूस मार्गों पर विद्युत खंबो और विद्युत तारों का सर्वे कर उनकी मरम्मत करवाने का निर्देश दिया। कहा कि जर्जर और लटकते तारों की भी मरम्मत करा लें और रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति को सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी एसडीएम को सीओ के साथ संवेदनशील क्षेत्रों के स्थलीय निरीक्षण का निर्देश दिया। उन्होंने प्रमुख स्थलों पर मेडिकल टीम तैनात करने के लिए सीएमओ को निर्देशित किया। ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में पर्वों के दौरान साफ–सफाई व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया।
पुलिस अधीक्षक ने भी दोनो पक्षों को संबोधित करते हुए परस्पर भाईचारे के साथ आगामी पर्वों को मनाने की अपील की। कहा की पर्वों का आनंद लेने के लिए आवश्यक है कि नियम और अनुशासन का पालन करें। किसी नवीन परंपरा की शुरुआत न करें। सड़कों पर नमाज न हो और खुले में कुर्बानी भी न ही, इसको सुनिश्चित करें। कहा कि सादी वर्दी में पुलिस अधिकारी जगह जगह तैनात रहेंगे और अराजक तत्वों पर कड़ी निगाह रहेगी। अगर कोई कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करता है तो कड़ी कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। पुलिस अधिकारियों को सतर्क और सक्रिय रहने का निर्देश दिया। कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी यदि लापरवाही करते हैं तो जवाबदेही सुनिश्चित किया जाएगा।
इससे पूर्व दोनों समुदायों के प्रबुद्ध जनों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी बातों को रखा। दोनों समुदायों के लोगों ने वरिष्ठ अधिकारियों को अश्वस्त किया कि बकरीद और अन्य आगामी त्यौहारों को परस्पर सद्भावना व भाईचारे के साथ मनाया जाएगा। बैठक का संचालन शमशुल हुदा ने किया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) डॉ प्रशांत कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, सभी एसडीएम और सीओ, अन्य संबंधित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सहित विभिन्न समुदायों के लोग उपस्थित रहे।
सुनील कुमार श्रीवास्तव




