
पनियरा, महराजगंज। (न्यूज पैच)। नगर पंचायत पनियरा में स्थित अंबेडकर नगर (बड़वार) निवासी 48 वर्षीय राम दिनेश यादव का दुबई में हार्ट अटैक से निधन हो गया। शनिवार को उनका शव पैतृक आवास पहुंचा, जिससे परिवार में शोक का माहौल है।
परिजनों के अनुसार, राम दिनेश यादव दुबई की एक कंपनी में मजदूरी करते थे। 3 मई को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद सहकर्मियों ने उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने हार्ट अटैक की पुष्टि की। उपचार के दौरान 4 मई की भोर में उनका निधन हो गया।
शनिवार को राम दिनेश का शव पनियरा स्थित उनके पैतृक आवास पर लाया गया। उनके अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और शुभचिंतक एकत्र हुए। गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
राम दिनेश यादव अपने पीछे वृद्ध पिता गुप्तार यादव, माता झीनका देवी, पत्नी प्रमिला देवी, लगभग 20 वर्षीय पुत्र विशाल यादव (छात्र) और 14 वर्षीय पुत्री अंजली यादव (छात्रा) को छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य के निधन से परिजनों पर आर्थिक संकट गहरा गया है।
इस दुखद घड़ी में सभासद प्रतिनिधि पिंटू कनौजिया, सभासद राघवेंद्र सिंह, पूर्व प्रधान विजय सिंह, मनीष गुप्ता और पन्नेलाल यादव सहित बड़ी संख्या में नगरवासियों ने उनके घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।आफताब आलम खान
पनियरा महराजगंज




