भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने जनता दर्शन में सुनीं समस्याए, पारदर्शी निस्तारण के दिये निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। केन्द्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी एक दिवसीय दौरे पर रविवार की रात अपने महराजगंज स्थित आवास पर पहुंचे। उनके आगमन की सूचना मिलते ही कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। देर रात तक पार्टी पदाधिकारियों और समर्थकों का उनसे मिलने का सिलसिला जारी रहा।
सोमवार की सुबह पंकज चौधरी ने अपने आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें बड़ी संख्या में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने भाग लिया। इस दौरान ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और युवाओं ने अपनी-अपनी समस्याएं मंत्री के समक्ष रखीं। मुख्य रूप से राजस्व, पुलिस, विद्युत, सड़क, स्वास्थ्य और पेंशन से जुड़ी शिकायतें सामने आईं।
जनता दर्शन के दौरान पंकज चौधरी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं मिलें।
उन्होंने उपस्थित लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार गरीब, किसान, मजदूर और आम नागरिकों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी लें और उनका लाभ उठाएं।
जनता दर्शन कार्यक्रम के बाद पंकज चौधरी ने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की और आगामी कार्यक्रमों को लेकर दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।




