घुघली में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, चार लोग गंभीर घायल
कफवा मोड़ के पास हादसा, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर

घुघली महराजगंज।(न्यूज पैच)। घुघली-शिकारपुर मार्ग पर कफवा मोड़ के समीप शनिवार दोपहर एक सड़क हादसे में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 2:15 बजे बसंतपुर निवासी बबलू और संदीप एचएफ डीलक्स बाइक से घुघली की ओर जा रहे थे। उसी समय पिपरिया करजहां निवासी अंकित (पुत्र श्याम बदन) और संदेश (पुत्र राम नगिना) स्प्लेंडर बाइक से पुरैना की तरफ जा रहे थे। कफवा मोड़ के पास दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि चारों लोगों के सिर, हाथ और पैर में गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से अस्पताल भिजवाया।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मौजूद चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।




