पनियरा में ऑनर किलिंग का खुलासा: युवती की हत्या के मामले का 24 घंटे में अनावरण, दो आरोपी गिरफ्तार
प्रेम संबंध से नाराज भाइयों ने बहन और युवक को पीटा, युवती की मौत; शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश

पनियरा, महराजगंज।(न्यूज पैच)। पनियरा पुलिस ने युवती की हत्या और मारपीट के एक अत्यंत संवेदनशील मामले का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लोहे की रॉड (आला कत्ल) भी बरामद कर ली है।
यह मामला थाना पनियरा में 17 अप्रैल 2026 को मुकदमा संख्या 117/2026 के तहत दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान पुलिस ने संबंधित धाराओं में वृद्धि करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, 16 अप्रैल 2026 की रात थाना क्षेत्र के भवानीपुर टोला अमहिया गांव में एक युवक अपनी ही गांव की 19 वर्षीय युवती से मिलने उसके घर गया था। दोनों के बीच प्रेम संबंध बताया जा रहा है। उसी दौरान युवती का भाई अपनी मां के साथ रिश्तेदारी से लौटकर घर पहुंचा और दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया।
इससे आक्रोशित होकर उसने अपने अन्य भाइयों को बुलाया। तीनों भाइयों ने युवक और युवती को कमरे में बंद कर लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया। मारपीट इतनी गंभीर थी कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद किसी तरह वहां से भागने में सफल रहा।
घटना के अगले दिन, 17 अप्रैल को आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से युवती का शव पिकअप वाहन (UP57AT6566) में रखकर गोरखपुर जनपद के सहजनवा क्षेत्र स्थित सिसई घाट ले जाकर गुप्त रूप से जला दिया।
पुलिस ने इस मामले में कमलेश (25 वर्ष) और अमलेश (23 वर्ष), दोनों निवासी भवानीपुर टोला अमहिया, थाना पनियरा, जनपद महराजगंज को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही एक 15 वर्षीय बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
अभियुक्तों की गिरफ्तारी में थानाध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
अभियुक्तों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में क्रमशः थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह , उपनिरीक्षक मृत्युंजय उपाध्याय, उपनिरीक्षक रमेश चौधरी, उपनिरीक्षक संदीप यादव, उपनिरीक्षक शशिकांत यादव , उपनिरीक्षक प्रणव कुमार ओझा, हे0 कान्स0 श्रीकृष्ण मिश्रा, हे0 कान्स0 रणजीत सिंह, हे0 कान्स0 प्रदीप सिंह, कान्स0 संदीप सिंह, कान्स0 अभिषेक यादवव कान्स0 कुलदीप सिंह यादव शामिल रहे।
आफताब आलम खान
पनियरा महराजगंज




