महराजगंज में 20 से 30 अप्रैल तक चलेगा विशेष टीकाकरण अभियान, 1.33 लाख बच्चों को लगेगा टीका
डिप्थीरिया (गलघोंटू) से बचाव के लिए स्कूलों और मदरसों में चलाया जाएगा विशेष अभियान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद महराजगंज में डिप्थीरिया (गलघोंटू) जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी की रोकथाम के लिए 20 अप्रैल से 30 अप्रैल तक विशेष स्कूल-आधारित टीकाकरण अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक विभाग एवं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के समन्वय से संचालित किया जाएगा।
जिलाधिकारी के निर्देशन में जनपद के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ मदरसों में जाकर बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। अभियान के तहत 5 से 6 वर्ष के 30,341 बच्चों को DPT-2 बूस्टर, 10 से 11 वर्ष के 66,755 बच्चों को Td-10 तथा 16 वर्ष के 36,044 बच्चों को Td-16 टीका लगाया जाएगा।
इस विशेष अभियान के माध्यम से कुल 1,33,140 बच्चों को टीकाकरण के दायरे में लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए जनपद, ब्लॉक एवं विद्यालय स्तर पर माइक्रोप्लान तैयार कर सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि डिप्थीरिया एक गंभीर बैक्टीरियल संक्रमण है, जो मुख्य रूप से नाक और गले को प्रभावित करता है। इसके लक्षणों में बुखार, जुकाम, गले में सूजन और कमजोरी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण ही इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों को निर्धारित तिथियों पर विद्यालय या निकटतम टीकाकरण केंद्र पर भेजकर टीकाकरण अवश्य कराएं। यह टीकाकरण पूरी तरह निःशुल्क है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
अभियान की निगरानी ई-विन, यू-विन पोर्टल एवं अन्य डिजिटल माध्यमों से की जाएगी, ताकि शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया जा सके।




