हाईटेक इंटरसेप्टर वाहन से राजमार्गों पर होगी कड़ी निगरानी, महराजगंज पुलिस की नई पहल

महराजगंज।(न्यूज पैच)। सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन को और मजबूत बनाने की दिशा में महराजगंज पुलिस ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हाईटेक इंटरसेप्टर पुलिस वाहन का शुभारंभ किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह इंटरसेप्टर वाहन आधुनिक तकनीक और उन्नत उपकरणों से सुसज्जित है। इसके माध्यम से राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर तेज गति से वाहन चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने तथा संदिग्ध वाहनों की प्रभावी निगरानी की जाएगी।
वाहन में स्पीड रडार की सहायता से वाहनों की गति मापने, ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से शराब पीकर वाहन चलाने वालों की जांच करने तथा ऑटोमैटिक नंबर प्लेट रिकग्निशन (ANPR) कैमरा के जरिए वाहनों की पहचान करने की सुविधा उपलब्ध है।
इसके अलावा वाहन को पुलिस डेटाबेस से जुड़े लाइव मोबाइल डेटा टर्मिनल से भी जोड़ा गया है, जिससे किसी भी वाहन का विवरण और आवश्यक जानकारी तत्काल सत्यापित की जा सकेगी।
पुलिस के अनुसार इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से राजमार्गों पर नियमित गश्त और निगरानी को और प्रभावी बनाया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई के साथ-साथ भाग रहे संदिग्ध वाहनों को रोकने और उनकी पहचान करने में भी यह वाहन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस यह इंटरसेप्टर वाहन सड़क सुरक्षा, यातायात अनुशासन और नागरिकों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने की दिशा में महराजगंज पुलिस की एक महत्वपूर्ण पहल है। जनपद पुलिस सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।




