ईवीएम-वीवीपैट स्ट्रांग रूम का डीएम ने किया मासिक निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी और रखरखाव की जांच; 24 घंटे निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट स्ट्रांग रूम वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ईवीएम-वीवीपैट के सुरक्षित भंडारण के साथ स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने स्ट्रांग रूम में तैनात सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था, सीसीटीवी कंट्रोल रूम, विद्युत सुरक्षा, गार्ड रूम तथा ईवीएम-वीवीपैट के रखरखाव की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ईवीएम और वीवीपैट का रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि स्ट्रांग रूम में नियमानुसार अधिकृत व्यक्तियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाए। साथ ही सीसीटीवी व्यवस्था की लगातार निगरानी करते हुए उसकी क्रियाशीलता 24 घंटे सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं बरतने तथा निर्वाचन सामग्री के सुरक्षित भंडारण के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी एडीईओ प्रमोद यादव सहित निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी उपस्थित रहे।




