यातायात पुलिस के जागरूकता अभियान में 7 वाहनों का चालान 15 हजार जुर्माना
स्कूल बसों की फिटनेस, सीसीटीवी, फर्स्ट एड बॉक्स की जांच, बाइक चालक छात्रों को हेलमेट-लाइसेंस जरूरी

महराजगंज। (न्यूज पैच ब्यूरो)। सड़क दुर्घटनाओं पर रोक और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में सोमवार को यातायात पुलिस ने जनपद भर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान स्कूल-कॉलेज की बसों की गहन जांच की गई और नियम तोड़ने वाले 7 वाहनों का चालान कर 15 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
स्कूल बसों की हुई सघन चेकिंग अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन में प्रभारी यातायात मय टीम ने नगर व कस्बा क्षेत्र के स्कूल-कॉलेजों के पास पहुंचकर छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए बसों की जांच की। टीम ने बसों का फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस, सीसीटीवी कैमरा, अग्निशामक यंत्र, आपातकालीन खिड़की और फर्स्ट एड बॉक्स की स्थिति परखी। जांच के दौरान कई बसों में कमियां पाई गईं। यातायात पुलिस ने सभी स्कूल प्रबंधन और वाहन स्वामियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक स्कूल बस में सीसीटीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगाया जाए। निर्धारित गति सीमा में ही वाहन चलाए जाएं। बस में अग्निशामक यंत्र और पर्याप्त मात्रा में फर्स्ट एड बॉक्स रखा जाए। आपातकालीन खिड़की चालू हालत में हो ताकि किसी दुर्घटना में बच्चों को तुरंत बाहर निकाला जा सके।
अभियान के दौरान बिना हेलमेट और बिना लाइसेंस बाइक चलाने वाले स्कूली छात्रों को भी रोका गया। यातायात पुलिस ने उन्हें समझाया कि 18 वर्ष से कम आयु में वाहन चलाना कानूनन अपराध है। दुर्घटना होने पर जान का खतरा सबसे अधिक रहता है। अभिभावकों से भी अपील की गई कि वे अपने बच्चों को बिना डीएल और हेलमेट के बाइक न दें। जागरूकता के साथ-साथ प्रवर्तन भी किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 07 वाहनों का मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं में चालान किया गया। इनसे कुल 15,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया। जिन वाहनों में फिटनेस, बीमा या अन्य दस्तावेज पूरे नहीं थे, उन्हें ठीक कराने के लिए समय दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी ने कहा कि बच्चों की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। स्कूल बसों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी बस में सीसीटीवी, अग्निशामक या फर्स्ट एड की कमी पाई गई तो स्कूल प्रबंधन और वाहन स्वामी दोनों के खिलाफ कार्रवाई होगी। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग करें, चार पहिया में सीट बेल्ट लगाएं, नशे में गाड़ी न चलाएं और ओवरस्पीड से बचें। यातायात नियमों का पालन करने से न केवल आपका जीवन सुरक्षित रहेगा बल्कि दूसरों का भी।




