कारगिल विजय दिवस पर एनसीसी कैडेट्स ने शहीदों को किया नमन
पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों ने दिखाई देशभक्ति की भावना, वीर सैनिकों के बलिदान को किया याद

महराजगंज।(न्यूज पैच)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर 102 यूपी बटालियन एनसीसी, गोरखपुर के अंतर्गत पंडित दीनदयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज में पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एनसीसी कैडेट्स ने कारगिल युद्ध के अमर शहीदों के अदम्य साहस, वीरता और सर्वोच्च बलिदान को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम का शुभारंभ शहीद सैनिकों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने एवं दो मिनट का मौन रखकर किया गया। इसके बाद आयोजित पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिता में कैडेट्स ने कारगिल विजय, राष्ट्रभक्ति, भारतीय सेना के शौर्य और देश सेवा जैसे विषयों पर आकर्षक चित्र और प्रेरणादायक विचार प्रस्तुत किए।
एनसीसी अधिकारी राकेश कुमार साहनी ने अपने संबोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल एक स्मृति दिवस नहीं, बल्कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस और बलिदान को नमन करने का अवसर है। उन्होंने कैडेट्स से अनुशासन, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना को अपने जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. एस.पी. सिंह ने कहा कि कारगिल के वीरों का सर्वोच्च बलिदान सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।
प्रतियोगिता में अंकिता चौधरी, मुस्कान, खुशबू, महक, काजल, आरसीब, नाजमा, काव्या, लवली, प्रियल, तनुजा, संजू, मयंक, अविनाश, यश, श्रेयांश, अभय, अवनीश, अरुण, दिवाकर और विनीत सहित अनेक एनसीसी कैडेट्स ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” और “अमर शहीद अमर रहें” के गगनभेदी नारों के साथ हुआ। उपस्थित शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने कारगिल के अमर शहीदों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।




