महराजगंजयूपीलोकल न्यूज़

पीएम सूर्यघर योजना में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने दिए लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश

विद्युत व्यवस्था, बिल वसूली और जन शिकायतों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में विद्युत व्यवस्था को बेहतर बनाने, पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति तेज करने तथा जन शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में विद्युत वितरण, विद्युत बिल वसूली, पीएम सूर्यघर योजना एवं आईजीआरएस से संबंधित शिकायतों की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना को शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण योजना बताते हुए इसके क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान प्रभारी नेडा ने जानकारी दी कि जनपद में 15 जून 2026 तक कुल 2762 पीएम सूर्यघर स्थापित किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अप्रैल माह में 298, मई में 318 तथा जून माह में अब तक 191 पीएम सूर्यघर स्थापित किए गए हैं। साथ ही 250 आवेदन वितरण हेतु तथा 616 आवेदन स्वीकृति के लिए लंबित हैं।

जिलाधिकारी ने लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के लिए सभी बैंकों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। जिलाधिकारी ने सभी सरकारी भवनों को चरणबद्ध तरीके से सोलर प्लांट से युक्त करने के निर्देश दिए तथा ग्राम पंचायत भवनों को प्राथमिकता के आधार पर पीएम सूर्यघर योजना से जोड़ने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पीएम सूर्यघर योजना न केवल बिजली की खपत कम करने में सहायक है, बल्कि उपभोक्ताओं को अतिरिक्त आय का अवसर भी प्रदान करती है।

बैठक में विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता विद्युत को निर्देशित किया कि सरकारी प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के ऊपर से गुजर रहे विद्युत तारों को तत्काल हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक और बेसिक शिक्षा अधिकारी को विद्यालयों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने हाल के दिनों में तेज आंधी और हवाओं के चलते सड़कों के ऊपर से गुजर रहे झूलते एवं ढीले विद्युत तारों को तुरंत दुरुस्त कराने को कहा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जर्जर पोल एवं ढीले तार गंभीर दुर्घटनाओं का कारण बन सकते हैं।

सरकारी भवनों के लंबित विद्युत बिलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित विभागाध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे तत्काल प्रस्ताव भेजकर बकाया भुगतान सुनिश्चित करें।

आईजीआरएस एवं जन शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण से पहले संबंधित अधिकारी स्वयं आख्या का परीक्षण अवश्य करें।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता विद्युत वाई.पी. सिंह, प्रभारी नेडा प्रेम प्रकाश सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

News Patch desk

News Patch का डेस्क अनुभवी और समर्पित पत्रकारों की एक टीम है, जो 24×7 सटीक, तेज और विश्वसनीय खबरें पाठकों तक पहुंचाने के लिए कार्यरत है। डेस्क टीम का मुख्य उद्देश्य हर खबर को तथ्यों के साथ परखकर, निष्पक्ष और संतुलित तरीके से प्रस्तुत करना है। डेस्क पर कार्यरत पत्रकारों को विभिन्न बीट्स—जैसे राजनीति, अपराध, सामाजिक मुद्दे, और ब्रेकिंग न्यूज़—का गहरा अनुभव है। टीम लगातार बदलते न्यूज़ ट्रेंड्स पर नजर रखती है और हर महत्वपूर्ण अपडेट को तुरंत कवर करती है। News Patch Desk की विशेषता उसकी गति और विश्वसनीयता है। टीम आधुनिक डिजिटल टूल्स और मजबूत संपादकीय प्रक्रिया के माध्यम से खबरों की गुणवत्ता बनाए रखती है। हर खबर को प्रकाशित करने से पहले उसकी पुष्टि और सत्यापन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डेस्क टीम का उद्देश्य केवल खबर देना नहीं, बल्कि पाठकों को जागरूक और सूचित रखना है, ताकि वे सही जानकारी के आधार पर अपने विचार बना सकें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!