मतदाता सूची में दावे-आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक होंगी प्राप्त
21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस, डीएम ने मतदाताओं से नाम जांचने की अपील की

महराजगंज।(न्यूज पैच)। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2027 के तहत जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतदाता सूची में दावे और आपत्तियां 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक प्राप्त की जाएंगी। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने मंगलवार को प्रेसवार्ता कर पुनरीक्षण कार्यक्रम की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मतदाताओं की सुविधा के लिए 21, 22, 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों जिले के सभी मतदेय स्थलों पर पदाभिहित अधिकारी मौजूद रहेंगे। मतदाता सूची और आवेदन से संबंधित प्रपत्र उपलब्ध रहेंगे। प्रत्येक बूथ पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी, जहां आवेदन भरने में सहायता मिलेगी।
मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6 तथा संशोधन और आपत्तियों के लिए निर्धारित प्रपत्रों के माध्यम से आवेदन किया जा सकेगा। विशेष अभियान के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी और संबंधित निर्वाचन अधिकारी बूथों का निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति व अभियान की प्रगति देखेंगे।
डीएम ने जनपदवासियों से अपील की कि वे प्रकाशित मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें। किसी पात्र व्यक्ति का नाम छूटने या विवरण में त्रुटि होने पर निर्धारित समय में आवेदन करें। उन्होंने युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों से भी पंजीकरण कराने की अपील की।
मतदाता सूची से संबंधित जानकारी के लिए जिला निर्वाचन कार्यालय या डिस्ट्रिक्ट कांटेक्ट सेंटर के नंबर 05523-222242 तथा टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।




