छात्रवृत्ति आवेदन की संशोधित समय-सारिणी जारी, 12 नवंबर से शुरू होगी प्रक्रिया
महराजगंज।(न्यूज पैच)। शैक्षिक सत्र 2026-27 में कक्षा 9 से 12 तक के पात्र विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति के लिए तृतीय संशोधित समय-सारिणी जारी की गई है। इसके तहत पूर्वदशम (कक्षा 9-10) और दशमोत्तर (कक्षा 11-12) के विद्यार्थियों के आवेदन की प्रक्रिया निर्धारित तिथियों में पूरी की जाएगी।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने बताया कि विद्यालयों द्वारा मास्टर डाटा तैयार कर ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 12 से 19 नवंबर तक पूरी की जाएगी। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा मान्यता, स्वीकृत सीटों और प्रोफाइल का सत्यापन 13 से 20 नवंबर तक होगा।
नवीनीकरण के विद्यार्थियों को आवेदन पत्र की हार्डकॉपी 12 से 20 नवंबर तक संबंधित संस्था में जमा करनी होगी, जबकि नए विद्यार्थी 12 से 17 नवंबर तक पंजीकरण और ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।
विद्यालयों को 13 से 23 नवंबर तक बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, अंक, पूर्णांक और उपस्थिति दर्ज करते हुए पात्र विद्यार्थियों के आवेदनों का ऑनलाइन सत्यापन करना होगा।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी ने सभी शिक्षण संस्थानों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।




