जनता दरबार में पहुंचे फरियादी, पंकज चौधरी ने सुनीं समस्याएं
एक दिवसीय दौरे पर महराजगंज पहुंचे केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष

महराजगंज।(न्यूज पैच)। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर महराजगंज पहुंचे। जिला मुख्यालय स्थित अपने आवास पर उन्होंने जनता दरबार लगाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने सड़क, बिजली, राजस्व, पुलिस, विकास कार्य, रोजगार, पेंशन सहित अन्य मामलों से जुड़ी समस्याएं उनके सामने रखीं।
जनसुनवाई के दौरान फरियादियों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र भी सौंपे। पंकज चौधरी ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर उनके शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पात्र लोगों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही शिकायतों का नियमानुसार और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनता दरबार में ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने स्थानीय स्तर पर लंबित विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं भी उठाईं। वहीं कुछ लोगों ने व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान के लिए मंत्री से हस्तक्षेप का आग्रह किया। पंकज चौधरी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया।
जनसुनवाई सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद : पंकज चौधरी
प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाना नहीं, बल्कि लगातार उनके सुख-दुख में सहभागी बनना है। जनसुनवाई जनता और सरकार के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए भटकना न पड़े, यही प्रयास है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। जनसुनवाई में आने वाली प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाता है और संबंधित अधिकारियों से उसका नियमानुसार समाधान कराने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने अधिकारियों से भी कहा कि आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहते हुए समयबद्ध तरीके से कार्रवाई करें।
पंकज चौधरी ने कहा कि जनता की समस्या सुनना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। शिकायतकर्ता को यह भरोसा होना चाहिए कि उसकी बात सुनी जा रही है और उसके समाधान के लिए प्रयास भी किया जा रहा है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।




