महराजगंज में मेगा विधिक सेवा शिविर, 1923 लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ
2900 पात्र लोगों को प्री-कैंप व मेगा कैंप में किया गया चिह्नित, एक ही छत के नीचे मिली विधिक सहायता और सरकारी योजनाओं की जानकारी

महराजगंज।(न्यूज पैच)। जनपद में आमजन को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर दिलाने के उद्देश्य से रविवार को जिला उद्योग चौराहा स्थित श्रीबालाजी लॉन में मेगा विधिक सेवा एवं सहायता शिविर का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के अनुमोदन तथा जनपद न्यायाधीश के आदेश के क्रम में आयोजित शिविर का शुभारंभ प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अन्य न्यायिक अधिकारियों ने फीता काटकर किया।
शिविर में न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें लाभान्वित किया जाए। शिविर में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, पैरा लीगल वॉलंटियर्स, अधिकार मित्रों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने सहभागिता की।
23 से अधिक विभागों ने लगाए स्टॉल
मेगा शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, जिला कारागार, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, श्रम विभाग, जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन विभाग, कृषि विभाग, उद्यान विभाग, पशुपालन विभाग, पंचायती राज विभाग, ग्राम्य विकास विभाग, राजस्व विभाग, बेसिक शिक्षा विभाग, माध्यमिक शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, जिला प्रोबेशन विभाग, सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास विभाग तथा खाद्य एवं रसद विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाए।
इन स्टॉलों के माध्यम से लोगों को संबंधित विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
निःशुल्क विधिक सहायता के प्रति किया जागरूक
शिविर का प्रमुख उद्देश्य आमजन को उनके विधिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान लोगों को निःशुल्क एवं सक्षम विधिक सहायता, लोक अदालत, मध्यस्थता तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही पात्र व्यक्तियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
1923 लाभार्थियों को मिला लाभ
आयोजित मेगा विधिक सेवा शिविर के माध्यम से प्री-कैंप एवं मेगा कैंप में कुल 2900 पात्र व्यक्तियों को चिह्नित किया गया, जबकि शिविर के जरिए कुल 1923 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों की सुविधाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराकर आमजन को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
न्यायिक अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों की रही सहभागिता
शिविर के आयोजन के लिए प्रभारी जनपद न्यायाधीश द्वारा पांच सदस्यीय न्यायिक समिति का गठन किया गया था। इसमें विशेष न्यायाधीश, अनन्य न्यायालय (पॉक्सो अधिनियम), मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड तथा अन्य न्यायिक अधिकारी शामिल रहे।
वहीं, जिलाधिकारी द्वारा नामित नोडल अधिकारियों में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण रामदरश चौधरी और जिला विकास अधिकारी बी.एन. कन्नौजिया सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारियों, अधिकारियों और अधिकार मित्रों ने भी सहयोग किया। प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज (वरिष्ठ खंड) सुनील कुमार नागर ने शिविर से संबंधित जानकारी साझा की।




