मिशन शक्ति के तहत ‘बहू–बेटी सम्मेलन’ को लेकर ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का प्रशिक्षण संपन्न, महिलाओं की सुरक्षा और जागरूकता पर दिया गया जोर

महराजगंज।(न्यूज पैच)। उत्तर प्रदेश शासन के महत्वाकांक्षी ‘मिशन शक्ति अभियान’ के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को तहसील सभागार नौतनवा में “बहू–बेटी सम्मेलन” कार्यक्रम के सफल संचालन हेतु ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों को सम्मेलन के संचालन, सामुदायिक संवाद और महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई।
यह प्रशिक्षण पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन मुथा अशोक जैन के मार्गदर्शन, पुलिस उपमहानिरीक्षक एस. चनप्पा, जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल तथा पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में पुलिस विभाग एवं यूनिसेफ के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नायब तहसीलदार नौतनवा सुदेव पटेल रहे। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता और सहभागिता के माध्यम से ही महिलाओं के प्रति सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जा सकता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में नौतनवा, बृजमनगंज और लक्ष्मीपुर विकास खंडों से कुल 41 नामित प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इसमें पुलिस विभाग, बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्राम्य विकास, पंचायती राज विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे।
प्रशिक्षण का उद्देश्य ब्लॉक स्तर पर ऐसे प्रशिक्षकों को तैयार करना था, जो अपने-अपने क्षेत्रों में ग्राम स्तरीय फैसिलिटेटर्स (सुगमकर्ताओं) को प्रशिक्षित कर सकें। इसके बाद ये प्रशिक्षित प्रतिनिधि प्रत्येक ग्राम पंचायत में “बहू–बेटी सम्मेलन” आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, लैंगिक समानता, सम्मानजनक संबंध, घरेलू हिंसा की रोकथाम तथा सरकारी सहायता सेवाओं के प्रति जागरूकता फैलाएंगे।
कार्यक्रम को व्यवहारिक और प्रभावी बनाने के लिए समूह चर्चा, रोल प्ले, केस स्टडी और गतिविधि आधारित प्रशिक्षण का सहारा लिया गया। प्रतिभागियों को सम्मेलन के संचालन की प्रक्रिया, महिलाओं और बच्चों से जुड़े कानूनों, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, हेल्पलाइन सेवाओं तथा समुदाय के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के व्यावहारिक तरीके सिखाए गए।
प्रशिक्षण के दौरान यूनिसेफ के मंडलीय बाल संरक्षण सलाहकार शैलेश प्रताप सिंह ने बहू–बेटी सम्मेलन की अवधारणा और कैस्केड प्रशिक्षण मॉडल पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं संतोष राय, शुभ अम्भोज, कलिका सिंह, राम प्रकाश गुप्ता एवं सुनीता पाण्डेय ने मास्टर ट्रेनर के रूप में विभिन्न विषयों पर प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रतिभागियों से फीडबैक लिया गया। सभी प्रशिक्षकों ने अपने-अपने विकास खंडों में बहू–बेटी सम्मेलन को प्रभावी ढंग से आयोजित कर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के प्रति समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।




