नवरात्रि पर खाद्य सुरक्षा विभाग का विशेष अभियान, चार खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

महराजगंज।(न्यूज पैच)। नवरात्रि पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट पर अंकुश लगाने और आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने जनपद के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर चार खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, लखनऊ के आदेश तथा जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल और प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के.के. उपाध्याय के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत टीम ने गांधी चौराहा, नौतनवा स्थित एम/एस सादिक ट्रेडर्स से गौक्रिष ब्रांड घी का नमूना लिया। वहीं, मंगल बाजार, सोनौली स्थित एम/एस कन्हैया जनरल स्टोर से साबूदाना और इसी बाजार के एम/एस विष्णु इंटरप्राइजेज से पतंजलि ब्रांड कुट्टू आटे का नमूना संग्रहित किया गया।
इसके अलावा फरेंदा रोड, महराजगंज स्थित पतंजलि स्टोर का निरीक्षण कर पतंजलि ब्रांड तिल के तेल का नमूना लिया गया। सभी चार नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। निरीक्षण के दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और सुरक्षित भंडारण के संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
प्रभारी सहायक आयुक्त (खाद्य) ग्रेड-2 ने बताया कि पर्व के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना है।
अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी हंसराज प्रसाद, अंकित सिंह, पवन कुमार गोंड और हिमांशु जयंत शामिल रहे।




