गांधी के विचार आज भी समाज के लिए प्रासंगिक

महराजगंज।(न्यूज पैच)। भारद्वाज इंटर कॉलेज, महराजगंज में महात्मा गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर बुधवार को संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने गांधी के विचारों, सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए विद्यार्थियों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि दीनदयाल इंटरमीडिएट कॉलेज के डायरेक्टर एवं गणेश शंकर विद्यार्थी स्मारक इंटर कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य विजय बहादुर सिंह ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा को केवल अपना जीवन-दर्शन नहीं बनाया, बल्कि इन्हें सामाजिक परिवर्तन का माध्यम बनाया। आज की युवा पीढ़ी गांधी के विचारों को आत्मसात कर समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
अध्यक्षता करते हुए पीजी कॉलेज के पूर्व राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. घनश्याम शर्मा ने कहा कि गांधी का चिंतन भारतीय लोकतंत्र, सामाजिक समरसता और मानवीय मूल्यों की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि गांधी को केवल इतिहास के पन्नों तक सीमित न रखें, बल्कि उनके विचारों को व्यवहार में उतारें।
सामाजिक संस्था सिटीजन फोरम के सचिव शमशुल हुदा खान ने कहा कि गांधीजी का स्वच्छता, सद्भाव और सामाजिक एकता का संदेश आज पहले से अधिक महत्वपूर्ण है। समाज में सकारात्मक बदलाव के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर से जिम्मेदारी निभानी होगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रधानाचार्य सुरेंद्र प्रसाद पांडे ने अतिथियों एवं उपस्थित विद्यार्थियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को देश के महान व्यक्तित्वों के विचारों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम हैं।
इस अवसर पर शिक्षक सत्यनारायण प्रसाद यादव, प्रह्लाद प्रसाद वर्मा, सौरभ सिंह, दिलीप दुबे, प्रदीप चौबे, अश्वनी तिवारी, आदित्य नारायण पांडे, माया, राजकुमार सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




