नवनिर्मित नौ कुण्डीय यज्ञशाला का फीता काटकर किया उद्धघाटन

सिन्दुरिया, महराजगंज।(न्यूज पैच)। विकास खण्ड मिठौरा क्षेत्र के ग्रामसभा सिन्दुरिया में स्थित गायत्री प्रज्ञा शक्ति पीठ परिसर में बुधवार को नवनिर्मित नौ कुण्डीय यज्ञशाला का उद्धघाटन ब्लाक प्रमुख मिठौरा उर्मिला गुप्ता व प्रमुख प्रतिनिधि राम हरख गुप्त द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इसके बाद मौजूद लोगों ने पूजा – अर्चना किया।
इस दौरान ब्लाक प्रमुख उर्मिला गुप्ता ने कहा यज्ञ शाला नही होने से यज्ञ कार्य, हवन पूजन में कठिनाइयां आती थी। नौ कुण्डीय यज्ञ शाला का निर्माण हो जाने से अब यह समस्या समाप्त हो गयी है। इस अवसर पर गायत्री परिवार के लोगों ने युग ऋषि युग द्रष्टा वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य के महाप्रयाण एवं गायत्री जयन्ती के पावन पर्व पर एवं विश्वव्यापी संकट के निवारण एवं राष्ट्र के नव निर्माण विश्व के कल्याण हेतु हवन यज्ञ कर मानव कल्याण के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। प्रवचन करते हुए कमलाकांत पाठक ने कहा पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी में सृजन की इतनी क्षमता थी कि उन्होंने अपने निश्छल एवं पवित्र प्रेम से सींचकर करोड़ों भावनाशील लोगों को अपना मानस पुत्र बनाकर विशाल गायत्री परिवार का संगठन खड़ा किया। धर्मतंत्र से लोकशिक्षण की प्रक्रिया संपन्न कराते हुए चार हजार शक्तिपीठों, हजारों प्रज्ञापीठों का निर्माण किया। गायत्री तपोभूमि मथुरा से लेकर शांतिकुंज की स्थापना की। भौतिकता और अंधी दौड़ लगाते तथाकथित प्रबुद्ध वर्ग को भटकाव से बचाकर सही राह दिखाने वाला साहित्य रचकर विचार क्रांति अभियान का सूत्रपात किया।साथ ही जीवन के हर पहलु का समाधान प्रदान करने वाली तीन हजार पुस्तकों की रचना पंडित श्रीराम शर्मा आचार्य जी ने की।
गायत्री और यज्ञ को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाने का शुभ संकल्प लिया। समाज सुधार की दिशा में आगे बढ़ते हुए इन्होंने सभी वर्गों को गायत्री पाठ करने का अधिकार दिया। इस अवसर मंगरू गुप्ता , सुरेंद्र, बृज किशोर लाल श्रीवास्तव, राम भवन मौर्य, भगवत गुप्ता, रामाज्ञा यादव, शंकर गुप्ता, उमेश शर्मा, अरविन्द एवं रामाज्ञा गुप्ता सहित तमाम गायत्री परिवार के लोग उपस्थित रहे।
प्रमोद कुमार मौर्य




