बभनौली पनियरा मार्ग पर पुल का अप्रोच धंसा,बड़ी दुर्घटना होते होते बची

पनियरा (महराजगंज)।(न्यूज पैच)। बभनौली पनियरा राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच-328 पर बभनौली पुल का अप्रोच बुधवार रात करीब 2 बजे अचानक धंस गया। सड़क पर बड़ा गड्डा बन जाने से पुल से गुजर रहा एक पिकअप वाहन उसमें फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पनियरा पुलिस मौके पर पहुंची और धंसे हिस्से के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी। समय रहते सुरक्षा व्यवस्था किए जाने से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।अप्रोच धंसने की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से को घेर दिया। पुलिस ने रात में ही पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को भी इसकी सचना दी।
मौके पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया, ताकि अंधेरे में कोई वाहन गड्ढे में न फंस जाए।
गड्ढे में फंसे पिकअप वाहन को सुबह जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। इसके बाद सड़क की स्थिति को देखते हुए बड़े और लोडेड वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। छोटे वाहनों को पुलिस की निगरानी में सावधानी के साथ निकाला जा रहा है।
अप्रोच धंसने के बाद एनएच-328 पर यातायात प्रभावित हो गया। सड़क के दोनों तरफ बड़े ट्रकों की लंबी कतार लग गई। भारी वाहनों के रुकने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। फिलहाल पुलिस मौके पर तैनात है और यातायात को नियंत्रित कर रही है।
लगभग चार दशक से ज्यादा पुराना है पुल
क्षेत्रीय जनों व बुजुर्गों के मुताबिक, बभनौली का यह पुल करीब चार दशक से ज्यादा पुराना है। पहले यहां लकड़ी का पुल हुआ करता था। इसके बाद लोहे का पुल बनाया गया और बाद में पक्के पुल का निर्माण कराया गया। यह मार्ग तमकुही से परतावल होते हुए बस्ती फोरलेन से जुड़ता है।
इस मार्ग पर रोज काफी संख्या में प्रतिदिन बड़े व मालवाहक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में पुल का अप्रोच धंसने के बाद भारी वाहनों की आवाजाही रोकने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई है।
रात में ही पीडब्ल्यूडी को दी गई थी सूचना पनियरा थाने के नए थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि रात करीब 2 बजे पुल का अप्रोच धंसने की सूचना मिली थी। पुलिस बल को तत्काल मौके पर भेजकर धंसे हिस्से की बैरिकेटिंग कराई गई। साथ ही रात में ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई।
मौके पर पहुंचे पीडब्ल्यूडी गोरखपुर के जूनियर इंजीनियर अवधेश गुप्ता ने बताया कि धंसे अप्रोच की मरम्मत का काम तत्काल शुरू करा दिया गया है। प्रयास है कि सड़क को जल्द से जल्द आवागमन के लिए दुरुस्त किया जा सके।
आफताब आलम खां
पनियरा महराजगंज




