पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज में हिंदी दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित
“हिंदी हमारे साहित्य और एकता की आत्मा”—विजय बहादुर सिंह “हिंदी हमारे गर्व और अस्मिता का प्रतीक”—डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह

महराजगंज।(न्यूज पैच)। पं. दीनदयाल इंटर कॉलेज, महराजगंज में राष्ट्रीय सेवा योजना के तत्वावधान में हिंदी दिवस के अवसर पर संगोष्ठी सहित विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हिंदी भाषा के महत्व, साहित्यिक समृद्धि और समाज को जोड़ने में उसकी भूमिका पर वक्ताओं ने विचार रखे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए संस्था के संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है, जहां अनेक भाषाएं बोली जाती हैं। इन सभी के बीच हिंदी का विशेष महत्व है। हिंदी करोड़ों लोगों को एक सूत्र में जोड़ने का काम करती है। उन्होंने हिंदी को साहित्य और एकता की आत्मा बताया।
संस्था के प्रधानाचार्य डॉ. शैलेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि हिंदी केवल एक भाषा नहीं, बल्कि देश के बड़े हिस्से की सभ्यता और संस्कृति की पहचान भी है। अलग-अलग राज्यों में विभिन्न भाषाएं बोली जाती हैं, लेकिन हिंदी के माध्यम से लोग आपस में संवाद स्थापित कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि हिंदी कहानी, कविता, नाटक, साहित्य और पत्रकारिता के क्षेत्र में भी समृद्ध भाषा रही है।
इस अवसर पर हिंदी के महत्व को दर्शाने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रियांशी जायसवाल, चांदनी शर्मा, प्रतिभा और दीप्ती पटेल का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा। वहीं निबंध प्रतियोगिता में पल्लवी यादव, सपना, आंचल और दिपाली पटेल ने बेहतर प्रदर्शन किया।
सभी विजेता प्रतिभागियों को संस्था के संस्थापक विजय बहादुर सिंह ने मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं हिंदी प्रवक्ता जितेंद्र वर्मा की देखरेख में संपन्न हुईं।




