राशन कार्डधारकों के लिए बड़ी खबर, 10 से 25 सितंबर तक मिलेगा मुफ्त खाद्यान्न

महराजगंज।(न्यूज पैच)। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत सितंबर 2026 के लिए आवंटित खाद्यान्न और अंत्योदय कार्डधारकों को जुलाई, अगस्त एवं सितंबर माह की चीनी का वितरण 10 सितंबर से 25 सितंबर 2026 तक किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने विज्ञप्ति जारी कर जनपद के सभी राशनकार्डधारकों से निर्धारित अवधि में अपने उचित दर विक्रेता से ई-पॉस मशीन के माध्यम से खाद्यान्न प्राप्त करने की अपील की है।
अंत्योदय कार्डधारकों को 10 किग्रा गेहूं और 25 किग्रा चावल निःशुल्क दिया जाएगा। इसके अलावा जुलाई, अगस्त और सितंबर तीनों महीनों की चीनी एक साथ प्रति राशन कार्ड कुल 3 किग्रा उपलब्ध कराई जाएगी। चीनी की दर 18 रुपये प्रति किग्रा निर्धारित है, यानी तीन माह की कुल 3 किग्रा चीनी के लिए 54 रुपये देने होंगे।
वहीं पात्र गृहस्थी कार्डधारकों को प्रति कार्ड 1 किग्रा गेहूं और 4 किग्रा चावल निःशुल्क वितरित किया जाएगा।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि खाद्यान्न का वितरण 10 से 25 सितंबर 2026 तक निर्धारित है। कार्डधारक इस अवधि के भीतर अपनी आवश्यक वस्तुएं प्राप्त करना सुनिश्चित करें। वितरण की सुविधा मोबाइल ओटीपी के माध्यम से भी 25 सितंबर तक उपलब्ध रहेगी।
नोट: कार्डधारक वितरण के समय ई-पॉस मशीन पर लेनदेन की पुष्टि अवश्य करें और निर्धारित मात्रा में ही खाद्यान्न प्राप्त करें।




