त्योहारों को लेकर महराजगंज पुलिस अलर्ट, दुर्गा पूजा पंडालों का किया निरीक्षण
क्षेत्राधिकारियों ने पुलिस बल के साथ की पैदल गश्त, अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का भी लिया जायजा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। शारदीय नवरात्रि एवं आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस सतर्क है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी (आईपीएस) के निर्देशन में रविवार को जनपद के समस्त क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने सर्किल क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ पैदल गश्त की। इस दौरान दुर्गा पूजा पंडालों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान पूजा पंडालों और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा प्रबंधों, भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा आवागमन की व्यवस्था की जानकारी ली गई। पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों के आयोजकों से संवाद कर आवश्यक सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की और त्योहारों के दौरान सतर्कता बनाए रखने पर जोर दिया।
अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की भी हुई जांच
दुर्गा पूजा पंडालों में आग से बचाव के इंतजामों की जांच के लिए संबंधित क्षेत्रों में अग्निशमन सुरक्षा अधिकारियों (FSSO) के साथ समन्वय स्थापित किया गया। इस दौरान अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता, आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित निकास और आग से बचाव के उपायों का जायजा लिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने आमजन और पूजा आयोजकों से त्योहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आग्रह किया।
महराजगंज पुलिस के अनुसार, त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आपात स्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए जा रहे हैं।




