सभी एएनएम टीके के फायदे और चार संदेश भी बताएं – डॉ वीर विक्रम सिंह
निरीक्षण के दौरान समय से पहले बंद मिला कमासीन बुजुर्ग का टीकाकरण सत्र डिप्टी सीएमओ डॉ वीर विक्रम सिंह ने पनियरा के चार छाया वीएचएसएनडी सत्र तथा परतावल के एक आयुष्मान आरोग्य मंदिर का लिया जायजा

महराजगंज।(न्यूज पैच)। डिप्टी सीएमओ डॉ वीर विक्रम सिंह ने शनिवार को पनियरा क्षेत्र के चार छाया ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस ( छाया वीएचएसएनडी ) सत्र तथा परतावल के एक आयुष्मान आरोग्य मंदिर का जायजा लिया। तीन सत्र स्थलों पर टीकाकरण कार्य में लगी एएनएम को निर्देशित किया कि शत प्रतिशत लाभार्थियों का टीकाकरण सुनिश्चित कराएं। लाभार्थियों को टीके के फायदे और चार संदेश भी बताएं। निरीक्षण के दौरान कमासीन बुजुर्ग का टीकाकरण सत्र समय से पहले बंद मिला।
डिप्टी सीएमओ डॉ सिंह ने सबसे पहले प्राथमिक विद्यालय करमहिया पर आयोजित सत्र का जायजा लिया। जहां पर एएनएम द्वारा किया जा रहा था। जबकि आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहयोग में लगी रहीं। इसके बाद उन्होंने उप स्वास्थ्य केन्द्र गिरमिटिया, उप स्वास्थ्य केन्द्र कमासीन खुर्द का निरीक्षण किया। अंत में परतावल ब्लॉक के आयुष्मान आरोग्य मंदिर का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि सभी एएनएम लाभार्थियों को बताएं कि बच्चों को बारह प्रकार की जानलेवा बीमारियों से बचाने के लिए नियमित टीकाकरण जरूरी है। उन्होंने एचआरपी गर्भवती का नियमित फॉलोअप करते रहने का भी निर्देश दिया।
ये चार संदेश भी बताएं –
टीके की जानकारी: कौन-सा टीका लगाया गया है और यह किस घातक बीमारी से बचाव करता है।
संभावित प्रभाव: टीके के बाद होने वाले सामान्य प्रतिकूल प्रभावों (बुखार या दर्द) और उनकी देखभाल के बारे में जानकारी।
अगली तारीख: अगले टीकाकरण के लिए कब और कहाँ आना है, इसकी पूरी जानकारी।
टीकाकरण कार्ड: कार्ड को सुरक्षित संभालकर रखना और अगली बार साथ लाना।




