दि पैरामाउंट एकेडमी में धूमधाम से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व, नन्हें-मुन्नों ने मोह लिया सबका मन

महराजगंज।(न्यूज पैच)। स्थानीय द पैरामाउंट स्कूल में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर पूरा विद्यालय परिसर भक्तिमय माहौल, रंग-बिरंगे फूलों, गुब्बारों और सुंदर झांकियों से सराबोर नज़र आया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्री-प्राइमरी एवं प्राथमिक वर्ग के नन्हें-मुन्ने बच्चे रहे, जो भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी की अत्यंत मनमोहक वेशभूषा धारण कर विद्यालय पहुंचे थे। बाल-गोपाल और राधा के रूप में सजे बच्चों ने कान्हा के जन्म, माखन चोरी और बाल-लीलाओं से जुड़ी जीवंत झलकियां प्रस्तुत कर सभी का दिल जीत लिया। नन्हें कान्हाओं ने मटकी फोड़ प्रतियोगिता में भी बढ़-चढ़कर भाग लिया।
समारोह के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती नेहा सिंघानिया ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। बच्चों के मनमोहक प्रस्तुतीकरण की सराहना करते हुए प्रधानाचार्य श्रीमती नेहा सिंघानिया ने कहा, “श्रीकृष्ण जन्माष्टमी केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि हमें सत्य, धर्म और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में हमारी महान भारतीय संस्कृति, सुंदर परंपराओं और उच्च नैतिक मूल्यों का बीजारोपण होता है।” उन्होंने सभी विद्यार्थियों, अभिभावकों व शिक्षक-शिक्षिकाओं को जन्माष्टमी की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन बाल-गोपाल को भोग लगाने, माखन-मिश्री के प्रसाद वितरण और राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।




