सीएम डैशबोर्ड में महराजगंज की बड़ी छलांग, प्रदेश में चौथा और गोरखपुर मंडल में प्रथम स्थान

महराजगंज।(न्यूज पैच)। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की नवीनतम रैंकिंग में महराजगंज जनपद ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में चौथा तथा गोरखपुर मंडल में पहला स्थान हासिल किया है। राजस्व एवं विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित समीक्षा और समयबद्ध कार्यप्रणाली के चलते जनपद ने यह उपलब्धि अर्जित की है। पिछले माह प्रदेश में 10वें स्थान पर रहने वाला महराजगंज इस बार छह पायदान की छलांग लगाकर शीर्ष चार जिलों में शामिल हो गया है।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जारी रैंकिंग के अनुसार जनपद की राजस्व संबंधी 62 परियोजनाओं में से 39 परियोजनाओं को ‘ए’ ग्रेड प्राप्त हुआ, जबकि विकास से जुड़ी 84 परियोजनाओं में से 55 परियोजनाओं ने ‘ए’ ग्रेड हासिल किया। यह प्रदर्शन विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों, नियमित निगरानी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन का परिणाम माना जा रहा है।
बताया गया कि पिछली समीक्षा के दौरान जिन योजनाओं में जनपद को ‘ए’ ग्रेड से नीचे की रैंकिंग प्राप्त हुई थी, उन्हें जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने गंभीरता से लिया था। उन्होंने संबंधित विभागों की विशेष समीक्षा करते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए थे। साथ ही सभी विभागाध्यक्षों को योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा करने, समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने तथा पोर्टल पर सही और अद्यतन डाटा फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अब मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है।
जिलाधिकारी ने इस उपलब्धि पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता टीमवर्क, पारदर्शी कार्यप्रणाली और बेहतर प्रशासनिक समन्वय का परिणाम है।
हालांकि जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन इस उपलब्धि को अंतिम लक्ष्य नहीं मानता। उन्होंने कहा कि जनपद का उद्देश्य केवल अच्छी रैंकिंग प्राप्त करना नहीं, बल्कि शासन की योजनाओं का लाभ समयबद्ध और प्रभावी तरीके से आमजन तक पहुंचाना है। उन्होंने सभी अधिकारियों से भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए जनपद को प्रदेश के शीर्ष स्थान पर पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
प्रशासन का मानना है कि योजनाओं की सतत निगरानी, जवाबदेही तय करने की व्यवस्था और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने से आने वाले समय में भी महराजगंज का प्रदर्शन और बेहतर होगा, जिससे आम जनता को सरकारी योजनाओं का अधिक प्रभावी लाभ मिल सकेगा।




